छह राज्यों के 150 युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
सात दिवसीय ‘वन्दे मातरम् शिविर’ का समापन
वाराणसी (जनवार्ता)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त संस्थान मेरा युवा भारत वाराणसी की ओर से संत अतुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर परिसर में आयोजित सात दिवसीय आवासीय ‘वन्दे मातरम् शिविर’ का बुधवार को भव्य समापन हुआ। 15 से 21 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर में छह राज्यों के 150 चयनित युवाओं ने सहभागिता की। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) हंसराज विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की असली शक्ति हैं। सात दिवसीय यह शिविर विभिन्न राज्यों से आए युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, नागरिक कर्तव्यों और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि शिविर के दौरान प्राप्त सीख और प्रेरणा को अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाएं।
समापन समारोह के दौरान शिविर में सफलतापूर्वक भाग लेने वाले सभी 150 युवा प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिनिधियों ने मंच पर अपने सात दिनों के अनुभव साझा किए। उन्होंने काशी भ्रमण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और शिविर के दौरान मिली सीख से जुड़े संस्मरण सुनाते हुए आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, वाराणसी के उप निदेशक विकाश कुमार सिंह ने सात दिवसीय राष्ट्रीय शिविर की विस्तृत प्रगति आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने शिविर के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए संत अतुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाकर उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। समारोह का समापन युवाओं में नई ऊर्जा, आपसी सद्भाव और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

