एयर शो में शामिल होने काशी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
संकटमोचन और कालभैरव मंदिर में किया दर्शन-पूजन
बाबतपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद रक्षामंत्री शहर के लिए रवाना हुए। अपने दौरे के दौरान उन्होंने काशी के प्रसिद्ध संकटमोचन मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश और समाज के कल्याण की कामना की।
एयरपोर्ट पर रक्षामंत्री का स्वागत करने वालों में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर और हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विपिन सिंह तथा आशुतोष आशु सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं एयरपोर्ट पर भाजपा के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय भी उपस्थित रहे।
रविवार को प्रधानमंत्री के साथ एयर शो देखने का कार्यक्रम
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नमो घाट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां दोनों भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के मुख्य प्रदर्शन को देखेंगे। इस दौरान वायुसेना के लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के हवाई करतब तथा वायुसेना की परिचालन क्षमता का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस एयर शो को लेकर वाराणसी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

