16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्वगणना, एक दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
वाराणसी (जनवार्ता)। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर वाराणसी नगर निगम ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देशन में शहर के सभी आठ जोनों में प्रगणकों, सुपरवाइजरों और मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। जनगणना के तहत शहर में 3105 प्रगणक और 532 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे, जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परिवारों का ब्योरा संकलित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

प्रशिक्षण व्यवस्था को सुचारु और समयबद्ध बनाने के लिए नगर निगम ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में प्रशिक्षण केंद्र बनाए हैं। इसी क्रम में अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने मंगलवार को जेपी मेहता इंटर कॉलेज पहुंचकर वरुणापार चार्ज के अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को जनगणना की नियमावली और तकनीकी प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और सुपरवाइजरों को तकनीकी उपकरणों के उपयोग, निर्धारित प्रपत्र भरने, आवश्यक जानकारी संकलित करने तथा नागरिकों से संवाद स्थापित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। नगर निगम का उद्देश्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परिवारों का सटीक ब्योरा एकत्र करना है। अपर नगर आयुक्त ने संबंधित जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना
नगर निगम के अनुसार, जनगणना-2027 के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और सटीकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
आठ जोनों में बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र
नगर निगम ने जनगणना प्रशिक्षण के लिए जोनवार केंद्र निर्धारित किए हैं। आदमपुर जोन के लिए नेशनल इंटर कॉलेज, भेलूपुर के लिए बंगाली टोला इंटर कॉलेज, दशाश्वमेध और कोतवाली जोन के लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वरुणापार के लिए जेपी मेहता इंटर कॉलेज, सारनाथ के लिए सुधाकर महिला विद्यालय, ऋषि मांडवी जोन के लिए सिल्वर ग्रोव स्कूल तथा रामनगर जोन के लिए प्रभु नारायण इंटर कॉलेज को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रगणकों और सुपरवाइजरों को तैयार किया जा रहा है, ताकि निर्धारित अवधि में परिवारों का सही और व्यवस्थित विवरण संकलित किया जा सके।

