वाराणसी में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था पर खर्च होंगे 2721 करोड़ रुपये, सात परियोजनाओं को मंजूरी

वाराणसी में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था पर खर्च होंगे 2721 करोड़ रुपये, सात परियोजनाओं को मंजूरी

लहरतारा, ट्रांस वरुणा और चितईपुर क्षेत्र में होगा विस्तार

वाराणसी। काशी में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अटल नवीकरण एवं शहरी रूपांतरण मिशन (अमृत-2.0) के तहत वाराणसी नगर निगम की पेयजल संबंधी तीन और सीवरेज की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 2721 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इनके पूरा होने से शहर के विस्तारित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।

rajeshswari

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ और वाराणसी में पेयजल एवं सीवरेज से जुड़ी कुल सात परियोजनाओं के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। इनकी कुल अनुमानित लागत 2941.45 करोड़ रुपये है। इनमें पेयजल की चार परियोजनाओं पर 947.45 करोड़ रुपये और सीवरेज की तीन परियोजनाओं पर 1994 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

तीन क्षेत्रों में मजबूत होगी पेयजल आपूर्ति

वाराणसी में पेयजल व्यवस्था के विस्तार के लिए सिस वरुणा, ट्रांस वरुणा और चितईपुर क्षेत्र की योजनाओं को मंजूरी मिली है। नवविस्तारित लहरतारा जोन में सिस वरुणा पेयजल विस्तारीकरण एवं वृद्धिकरण योजना से लगभग 2,18,287 लोगों को लाभ मिलेगा।

पुराना ट्रांस वरुणा पेयजल विस्तारीकरण एवं वृद्धिकरण योजना के तहत 13 वार्डों की करीब 4,15,185 आबादी को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। वहीं, नवविस्तारित क्षेत्र की सिस वरुणा जलापूर्ति योजना (चितईपुर) से सात वार्डों के लगभग 1,88,948 लोगों को लाभ मिलेगा। तीनों योजनाओं का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों को पेयजल व्यवस्था से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।

इसे भी पढ़े   अपहरण कर मासूम बच्ची को सूखे कुएं में फेंका, ग्रामीणों ने चीख सुनकर बचाई जान

सीवरेज व्यवस्था के लिए भी तीन बड़ी योजनाएं

शहर में सीवरेज नेटवर्क के विस्तार के लिए पुराना ट्रांस वरुणा, नवविस्तारित लहरतारा जोन के सिस वरुणा क्षेत्र और नवविस्तारित चितईपुर जोन में परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

पुराना ट्रांस वरुणा क्षेत्र की परियोजना से लगभग 4,05,303 लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है। सिस वरुणा क्षेत्र के चयनित आठ वार्डों की करीब 2,04,207 आबादी को सीवरेज सुविधा मिलेगी। वहीं, चितईपुर जोन के चयनित 10 वार्डों में लगभग 2,22,608 लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

इन परियोजनाओं के पूरा होने पर संबंधित क्षेत्रों को सीवरेज नेटवर्क से शत-प्रतिशत जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे शहरी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि अमृत-2.0 के तहत स्वीकृत परियोजनाएं लखनऊ और वाराणसी के शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके माध्यम से नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने, सीवरेज व्यवस्था का विस्तार करने और नगरीय क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *