इलाहाबाद हाईकोर्ट में हंगामे की खबर, न्यायमूर्ति अजय भनोट की अदालत को लेकर विवाद
अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति की अदालत में वकील से पुलिस अधिकारी के सामने माफी मंगवाने और वरिष्ठ अधिवक्ता वीपी श्रीवास्तव के अपमान का लगाया आरोप

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति अजय भनोट की अदालत से जुड़े विवाद को लेकर भारी हंगामे की खबर सामने आ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ अधिवक्ताओं ने अदालत में एक अधिवक्ता को पुलिस अधिकारी से माफी मांगने के लिए मजबूर किए जाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता वीपी श्रीवास्तव को भी अपमानित किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर अधिवक्ताओं के बीच नाराजगी थी। एसोसिएशन की ओर से एक दिन पहले पत्र जारी कर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में न्यायमूर्ति अजय भनोट की अदालत के बहिष्कार की चेतावनी दिए जाने की बात भी सामने आई है।
इसी विवाद के बीच अदालत परिसर में हंगामे और तोड़फोड़ की खबरें भी प्रसारित हो रही हैं। हालांकि, फिलहाल तोड़फोड़ की खबर की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

