ग्रेटर नोएडा : 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत
खाटू श्याम दर्शन की तैयारी के बीच परिवार में पसरा मातम
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बालकनी में लगी बेल से फूल तोड़ते समय बच्चे का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी संतुलन खो बैठे और दोनों नीचे जा गिरे।

मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव पात्रा के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार शुक्रवार को खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाला था। दर्शन को लेकर उत्साहित आरव सुबह करीब चार बजे ही परिवार के साथ उठ गया था। इसी दौरान पिता के कहने पर वह बालकनी में लगी बेल से फूल तोड़ने पहुंचा।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बालकनी में फिसलन थी। फूल तोड़ने के लिए आरव ने ग्रिल पर पैर रखा, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे की ओर लटक गया। बेटे को खतरे में देखकर रणदीप उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन इस दौरान उनका भी पैर फिसल गया। देखते ही देखते पिता-पुत्र दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

