नगर आयुक्त से शिकायत के 20 दिन बाद भी नहीं बनी सड़क, राहगीरों की परेशानी बरकरार

नगर आयुक्त से शिकायत के 20 दिन बाद भी नहीं बनी सड़क, राहगीरों की परेशानी बरकरार

वार्ड नंबर-7 की नई बस्ती पांडेयपुर में सीवर लाइन डालने के बाद सड़क अधूरी छोड़कर गायब हुआ ठेकेदार, रोजाना गिरकर चोटिल हो रहे लोग

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों की ओर से लगातार निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही और ठेकेदारों की मनमानी के चलते आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका उदाहरण वार्ड नंबर-7 स्थित नई बस्ती पांडेयपुर में देखने को मिल रहा है, जहां सीवर लाइन डालने के नाम पर उखाड़ी गई सड़क दो से तीन महीने बीतने के बाद भी नहीं बनाई जा सकी है।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, जलकल विभाग की ओर से सीवर लाइन बिछाने के लिए करीब दो माह पूर्व सड़क पर लगी डमरू ईंटों को उखाड़ दिया गया था। सीवर लाइन डालने के बाद ठेकेदार ने सड़क को पूर्व की स्थिति में बहाल करने के बजाय काम अधूरा छोड़ दिया और मौके से नदारद हो गया। नतीजतन, पूरी सड़क बदहाल स्थिति में पड़ी है और स्थानीय लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों, साइकिल और दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों तथा दिव्यांगजनों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। आए दिन लोग असमतल रास्ते पर फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से सड़क निर्माण की सुध नहीं ली जा रही है।

स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर 20 अक्टूबर को नगर आयुक्त से भी शिकायत की थी। नगर आयुक्त ने सड़क दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन शिकायत के 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में लोगों का सवाल है कि जब नगर आयुक्त के निर्देश के बाद भी सड़क नहीं बन पा रही है तो आम नागरिकों की शिकायतों पर विभाग कितनी गंभीरता दिखाता होगा?

इसे भी पढ़े   तकनीक से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर सेमिनार

क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क पर दोबारा डमरू ईंटें बिछाकर तत्काल आवागमन योग्य बनाया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से निजात मिल सके।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *