पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को आईआईएम मुंबई ने किया सम्मानित
मुंम्बई/वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) मुंबई ने जनसेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से सम्मानित किया। संस्थान में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि संस्थान पूर्व में राष्ट्रीय औद्योगिक अभियांत्रिकी संस्थान के नाम से जाना जाता था। वही वर्ष 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहित अग्रवाल लगभग तीन दशक से पुलिस सेवा में कार्यरत हैं।


उन्होंने प्रदेश के 15 जनपदों में पुलिस प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी निभाई है। वर्ष 2005-06 में संयुक्त राष्ट्र में भी सेवाएं दीं। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख रहते हुए उन्होंने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई की। प्रयागराज कुंभ मेले के वर्ष 2013 और 2019 के आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था संभालने में उनकी अहम भूमिका रही। फर्रुखाबाद में ऑपरेशन मासूम के तहत बंधक बनाए गए 23 बच्चों को सकुशल मुक्त कराने का नेतृत्व भी उन्होंने किया, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक मिला। इसके अलावा उन्हें विशिष्ट सेवा, सराहनीय सेवा और अति उत्कृष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।

