नए नगर आयुक्त ने संभाली काशी की कमान
छठ तैयारियों का लिया जायजा
वाराणसी। नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने रविवार को नगर आयुक्त कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने करीब एक घंटे तक कार्यालय में विभिन्न फाइलों का अवलोकन किया। इसके बाद वह अधिकारियों के साथ सीधे अस्सी घाट पहुंचे और डाला छठ पर्व की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त ने अस्सी घाट स्थित छठ पूजा स्थल पर साफ-सफाई, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम के जोनल अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम की पूरी टीम अगले दो दिनों तक पूरी तरह सक्रिय रहेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वह स्वयं भी अधिकारियों के साथ मैदान में रहकर तैयारियों की निगरानी करेंगे।

