सबका साथ-सबका विकास” का नारा पलिया शंभूपुर में हवा-हवाई
आजादी के इतने साल बाद भी चक रोड बदहाल
वाराणसी (जनवार्ता) । देश को आजाद हुए कई दशक बीत गए, केंद्र और प्रदेश सरकारें सबका साथ-सबका विकास का दावा करती हैं, लेकिन यह दावा वाराणसी के हरहुआ ब्लॉक के ग्राम पलिया शंभूपुर में केवल बातों तक ही सीमित रह गया है।

ग्राम पलिया शंभूपुर का मुख्य चक रोड आज भी कच्ची मिट्टी का है। यह वही रास्ता है जिससे पूरे गांव का रोजाना आना-जाना लगा रहता है। बारिश में यह सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क के लिए न तो ग्राम प्रधान के पास बजट है, न विधायक जी ध्यान देते हैं और न ही सांसद जी। जब चुनाव नजदीक आता है तो सभी नेता विकास के बड़े-बड़े वादे करके वोट लेकर चले जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही विकास करना भूल जाते हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द इस चक रोड को पक्का कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को इस नारकीय स्थिति से छुटकारा मिल सके।

