पिता की पिटाई का बदला लेने डोसा शॉप पहुंचीं दो बेटियां ने जमकर की तोड़फोड़
वाराणसी के महमूरगंज स्थित लीला राम डोसा शॉप पर हाईवोल्टेज हंगामा
वाराणसी (जनवार्ता)। महमूरगंज क्षेत्र के तुलसीपुर स्थित मशहूर लीला राम डोसा शॉप पर सोमवार को दो युवतियों ने जमकर हंगामा किया। युवतियां अपने पिता के साथ कथित मारपीट की घटना से नाराज होकर दुकान पर पहुंची थीं। शुरुआत में उन्होंने वीडियो बनाकर विरोध जताया, लेकिन देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया और दुकान में जमकर तोड़फोड़ हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, बीते चार नवंबर को डोसा दुकान के संचालक और कर्मचारियों पर युवतियों के पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। इस मामले में भेलूपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। युवतियों का आरोप था कि शिकायत के बावजूद करीब डेढ़ सप्ताह बीतने पर भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसी से नाराज होकर दोनों युवतियां सोमवार को दुकान पहुंचीं और अपने पिता के साथ हुई कथित मारपीट का जवाब मांगने लगीं। इस दौरान दुकान के कर्मचारियों ने भी उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कर्मचारियों की ओर से गुंडा टैक्स मांगने जैसे आरोप लगाए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि दोनों युवतियां दुकान के अंदर घुस गईं और वहां रखे सामान को फेंकने लगीं। डोसा बनाने वाला बर्नर भी फेंक दिया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने की बात सामने आई। अचानक हुए हंगामे से दुकान में मौजूद ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
दुकानदार ने भी दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर, दुकानदार बाल मुकुंद पांडेय ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि दोनों युवतियों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में गल्ले में हाथ डालने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। दुकानदार के मुताबिक, घटना में दुकान के कर्मचारियों के अलावा एक ग्राहक को भी चोटें आई हैं।
दुकानदार की शिकायत पर भेलूपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

