वाराणसी में डिजिटल जनगणना का शुभारंभ
महापौर अशोक तिवारी ने की स्व-गणना
वाराणसी (जनवार्ता)। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत वाराणसी में सोमवार से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू हो गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित अपने आवास पर स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कराएं।

महापौर ने बताया कि स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। ओटीपी सत्यापन के बाद ऑनलाइन प्रश्नावली भरनी होगी। सफलतापूर्वक विवरण जमा होने पर 11 अंकों की विशिष्ट स्व-गणना आईडी (एसई-आईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी दिखाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन कराया जा सकेगा।
अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने बताया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित निर्धारित 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जानकारियों को रखना होगा तैयार
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि जनगणना के लिए परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता संबंधी जानकारी देनी होगी।
इसके अलावा रोजगार एवं व्यवसाय, उद्योग या सेवा का स्वरूप, कार्यस्थल तक आने-जाने का माध्यम, जन्मस्थान, पूर्व एवं स्थायी निवास, विवाहित महिलाओं के बच्चों से संबंधित विवरण, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान तथा बैंक खातों की संख्या की जानकारी भी मांगी जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल नंबर, आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।
नगर आयुक्त ने सभी काशीवासियों से स्व-गणना में भाग लेने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके। इस अवसर पर जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

