गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला

गंजारी स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला

करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तैयारियों का लिया जायजा, दिसंबर के पहले सप्ताह में उद्घाटन की संभावना

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला गंजारी पहुंचे। दोनों पदाधिकारियों ने स्टेडियम परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और भविष्य में होने वाले क्रिकेट आयोजनों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

rajeshswari

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जय शाह और राजीव शुक्ला ने स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया तथा निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं, दर्शक दीर्घा और मैच आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

450 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण

गंजारी में लगभग 31 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। स्टेडियम में लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां नौ मुख्य क्रिकेट पिचों के अलावा पांच अभ्यास पिचें तैयार की जा रही हैं। खिलाड़ियों के लिए आधुनिक कक्ष, दूधिया रोशनी की व्यवस्था और बेहतर जल निकासी प्रणाली सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

भगवान शिव की थीम पर तैयार हो रहा स्टेडियम

इस स्टेडियम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी वास्तुकला है। इसका निर्माण भगवान शिव की थीम पर किया जा रहा है। स्टेडियम की संरचना में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। यहां डमरू के आकार का मुख्य ढांचा और त्रिशूल की आकृति वाले प्रकाश स्तंभ विशेष आकर्षण होंगे।

इसे भी पढ़े   किताब-ड्रेस के नाम पर स्कूलों की मनमानी पर सख्ती, विशेष दुकान से खरीदारी का दबाव बनाया तो होगी कार्रवाई

स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में बताया जा रहा है। दिसंबर के पहले सप्ताह में इसके उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी उद्घाटन की आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गई है।

गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पूरा होने से पूर्वांचल के खेल जगत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे वाराणसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट आयोजनों के मानचित्र पर अपनी जगह बना सकेगा। साथ ही स्थानीय और उभरते खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल सुविधाएं और अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर मिलेंगे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *