मनसैता के भीमकुंड मंदिर में मिला पुजारी का शव
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, भारी पुलिस बल तैनात
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव स्थित मनकामेश्वर भीमकुंड मंदिर परिसर में सोमवार की देर रात 60 वर्षीय पुजारी 1008 बाबा दयाल दास की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बाबा दयाल दास पिछले करीब 25 वर्षों से मंदिर में रह रहे थे। मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में साफ-सफाई के लिए पहुंचे लोगों को पुजारी दिखाई नहीं दिए। तलाश करने पर उनका शव परिसर में मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थरवई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाके में सुराग तलाशे गए।
मंदिर की जमीन का विवाद भी जांच के दायरे में
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। मंदिर की करीब साढ़े तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद और पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और हत्याकांड का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

