महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन प्रक्रिया जरूरी :  गजेंद्र सिंह शेखावत

महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन प्रक्रिया जरूरी :  गजेंद्र सिंह शेखावत

बीएचयू में बोले- महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है केंद्र सरकार

वाराणसी (जनवार्ता)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उचित हिस्सेदारी देने के लिए परिसीमन आवश्यक है और यह प्रक्रिया होकर रहेगी। परिसीमन एक संवैधानिक एवं विधायी प्रक्रिया है, जिसका निर्णय स्वतंत्र परिसीमन आयोग करता है।

rajeshswari

रविवार को केंद्रीय मंत्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित स्टूडेंट फैकल्टी बिनाले-2026 का अवलोकन करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने महिला आरक्षण, परिसीमन और काशी-तमिलनाडु के प्राचीन सांस्कृतिक संबंधों पर अपनी बात रखी।

शेखावत ने कहा कि महिलाओं को उनका उचित राजनीतिक अधिकार और विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विपक्षी दलों से महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की अपील करते हुए पूछा कि क्या वे महिलाओं को अधिक राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए सरकार हर बाधा पार करेगी।

काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना

केंद्रीय मंत्री ने काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच सदियों पुराना जुड़ाव रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि भारत की एकता को लेकर यह धारणा गलत है कि मुगलों या अंग्रेजों के आने के बाद ही देश एकजुट हुआ। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रमाण इसके विपरीत हैं।

इसे भी पढ़े   पूजा के नाम पर बिक रहा था अखाद्य घी और दीया तेल, खाद्य विभाग ने बिक्री पर लगाई रोक

उन्होंने काशी-तमिलनाडु, सौराष्ट्र-तमिलनाडु के सांस्कृतिक संबंधों तथा आदि शंकराचार्य की केरल से सोमनाथ तक की यात्रा का उल्लेख किया। साथ ही कुंभ मेले को भारत की सांस्कृतिक एकता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।

शेखावत ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता के बावजूद देशवासियों के बीच आपसी जुड़ाव और एकता सदियों से कायम है। यही साझा विरासत और सांस्कृतिक परंपराएं भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *