मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत शुरू

मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत शुरू

17 गांठ वाले पवित्र धागे का विशेष महत्व

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी के प्रसिद्ध मां अन्नपूर्णा मंदिर में रविवार से माता अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत शुरू हो गया। मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की पंचमी से प्रारंभ हुए इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। महाव्रत का समापन 15 दिसंबर को मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की षष्ठी यानी चंपा छठ के दिन होगा।

rajeshswari

महाव्रत के पहले दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को 17 गांठ वाला पवित्र धागा वितरित किया गया। मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज के सानिध्य में भक्तों ने धागा प्राप्त कर विधि-विधान से व्रत का संकल्प लिया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस महाव्रत में 17 अंक का विशेष महत्व है। श्रद्धालु 17 गांठ वाले धागे को धारण कर लगातार 17 दिनों तक सुबह और शाम माता की आराधना करते हैं। यह परंपरा 17 वर्षों तक लगातार निभाने की भी मान्यता है।

17 की संख्या से जुड़ी है पूजा की विशेष परंपरा

महाव्रत के दौरान श्रद्धालु माता अन्नपूर्णा के चित्र अथवा मंदिर की प्रतिमा के सामने पवित्र धागा रखकर व्रत कथा सुनते हैं। पूजा के लिए चौकी स्थापित कर उत्तर दिशा की ओर मुख करके माता की आराधना की जाती है। पूजन में 17 अक्षत, 17 दूर्वा, एक ही प्रकार के 17 लाल फूल और 17 बार तिलक लगाने का विधान है।

भोग में किसी एक मीठे पदार्थ का चयन किया जाता है और पूरे 17 दिनों तक उसी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। इस दौरान नमक का सेवन वर्जित माना गया है। मान्यता है कि श्रद्धा और नियमपूर्वक महाव्रत करने से मां अन्नपूर्णा भक्तों को सुख-समृद्धि और मनोवांछित फल प्रदान करती हैं।

इसे भी पढ़े   वाराणसी: त्रिपुरा भैरवी घाट पर नाविकों और पर्यटकों में मारपीट, वीडियो वायरल

धान की बालियों से होगा माता का श्रृंगार

महाव्रत के समापन पर 15 दिसंबर को चंपा छठ के अवसर पर मां अन्नपूर्णा का धान की बालियों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूजन के बाद इन बालियों को श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा। उद्यापन के अवसर पर ब्राह्मणों, सुहागिन महिलाओं और कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा है। धार्मिक विधान के अनुसार 18वें दिन पूजा की चौकी उठाई जाती है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *