शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, शादी से मुकरने पर आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी के होटल में मिलने के बाद पहुंचा मामला थाने
वाराणसी। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने, बाद में शादी से इन्कार करने और मारपीट करने के आरोप में सारनाथ पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के इकौनी गांव निवासी 32 वर्षीय विपिन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 28 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे सारनाथ थाने परिसर से गिरफ्तार किया।

सारनाथ थाना प्रभारी एवं मामले के विवेचक पंकज त्रिपाठी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की मुलाकात मुंबई में विपिन यादव से हुई थी। दोनों पूर्वांचल के रहने वाले थे, इसलिए उनकी दोस्ती धीरे-धीरे नजदीकी में बदल गई। आरोप है कि विपिन ने युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने जब शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और जौनपुर स्थित अपने गांव लौट आया। इस बीच युवती भी मुंबई से वाराणसी पहुंच गई। यहां दोनों की एक होटल में मुलाकात हुई। युवती ने एक बार फिर शादी के लिए उसे मनाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपने फैसले पर अड़ा रहा।
इसके बाद युवती ने सारनाथ थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पूछताछ के लिए विपिन को थाने बुलाया और आरोपों के संबंध में पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल पवन कुमार और रविशंकर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

