बुलंदशहर पूर्व भाजपा ब्लॉक प्रमुख की गला रेतकर हत्या

बुलंदशहर पूर्व भाजपा ब्लॉक प्रमुख की गला रेतकर हत्या

बेडरूम में मिला शव – दिल्ली में रहते हैं पत्नी-बच्चे

बुलंदशहर (जनवार्ता)|  जिले के खुर्जा क्षेत्र में पूर्व भाजपा ब्लॉक प्रमुख विनोद चौधरी (49) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव रविवार सुबह घर के बेडरूम में मिला। उस समय वह घर में अकेले थे। पत्नी और बच्चे पिछले कई सालों से दिल्ली में रह रहे हैं।

सुबह देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा तो विनोद चौधरी का शव खून से सना पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। SSP दिनेश कुमार सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर को सील कर दिया।

मृतक के छोटे भाई सुधीर चौधरी ने बताया कि कुछ महीने पहले प्रॉपर्टी विवाद में लाखों रुपये का लेन-देन हुआ था। उसी दौरान विनोद को धमकी भी दी गई थी। दो महीने पहले उन्होंने जान का खतरा बताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के वक्त उनका नौकर छुट्टी पर गया हुआ था।

पुलिस ने बताया कि घर में एक पिटबुल डॉग मौजूद था, लेकिन उसने किसी पर हमला नहीं किया। इससे अंदेशा है कि हत्यारा कोई नजदीकी या परिचित ही रहा होगा। घटनास्थल से खून से सना चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने जांच के लिए पांच टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

विनोद चौधरी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। 2007 में खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में गवाह कर्मवीर की हत्या के मामले में वह आरोपी था। 2022 में अदालत ने उसे और अन्य आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फिलहाल वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर था।

इसे भी पढ़े   पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु ठगी के शिकार, गुरुपूर्णिमा पर गए थे बाबानगरी

राजनीति में भी उसका सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। वर्ष 2000 में उनकी पत्नी जेवर ब्लॉक प्रमुख बनीं। 2007 में विनोद जिला पंचायत सदस्य चुने गए और 2020-21 में भाजपा समर्थित खुर्जा ब्लॉक प्रमुख बने। इसी साल 16 फरवरी को उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई गई थी, लेकिन हत्या के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद पार्टी ने उनकी सदस्यता निरस्त कर दी थी।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शव के गले पर गहरे घाव के निशान हैं। पहली नजर में हत्या का कारण प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश लग रहा है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *