एशिया कप 2025 : सुपर ओवर में भारत की धमाकेदार जीत, श्रीलंका पर दर्ज की छठी लगातार जीत
दुबई (जनवार्ता)। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को सुपर ओवर में मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने पथुम निसांका के शानदार शतक (107 रन, 58 गेंद) की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन बनाकर मैच टाई करवा लिया। लेकिन सुपर ओवर में श्रीलंका की टीम महज 2 रन ही बना सकी और भारत ने पहली ही गेंद पर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह भारत की एशिया कप 2025 में लगातार छठी जीत है। अब टीम इंडिया 28 सितम्बर (रविवार) को खिताबी जंग में पाकिस्तान से भिड़ेगी।

भारत की पारी में शुभमन गिल 4 और कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने 31 गेंद में 61 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। संजू सैमसन ने 23 गेंद पर 39 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा अंत तक टिके रहकर 49 रन की नाबाद पारी खेली। अक्षर पटेल ने 21 रन जोड़े। श्रीलंका की ओर से महीश तीक्ष्णा, दुश्मंता चमीरा, वानिंदु हसरंगा, दासून शनाका और चरित असलंका ने एक-एक विकेट हासिल किया।
श्रीलंका की पारी की शुरुआत खराब रही और कुसल मेंडिस बिना खाता खोले हार्दिक पांड्या का शिकार बने। परेरा ने 32 गेंद में 58 रन ठोके, लेकिन कप्तान असलंका केवल 4 और कमिंदु मेंडिस 3 रन ही बना सके। पथुम निसांका ने शानदार शतक जड़ते हुए 58 गेंद पर 107 रन बनाए और टीम को बराबरी तक पहुंचाया। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया।
सुपर ओवर में श्रीलंका 2 रन बनाकर दोनों विकेट गंवा बैठा। भारत ने पहली ही गेंद पर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की और फाइनल में पाकिस्तान से टकराने का रोमांचक इंतजार अब शुरू हो गया है।

