प्रतापगढ़ : सर्राफा व्यापारी से पिस्टल के दम पर 3 किलो चांदी और 9.60 लाख रुपये की लूट

प्रतापगढ़ : सर्राफा व्यापारी से पिस्टल के दम पर 3 किलो चांदी और 9.60 लाख रुपये की लूट

प्रतापगढ़। जिले में दिनदहाड़े एक सर्राफा व्यापारी से पिस्टल सटाकर करीब 17 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर कार रोककर नकदी और चांदी से भरा बैग छीन लिया और जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना देल्हूपुर थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर गजहेड़ा जंगल के पास हुई।
अमेठी के ज्ञानीपुर गांव निवासी रितेश मौर्या की रामगंज बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। शुक्रवार को वह अपने दोस्त विकास सोनी और ड्राइवर के साथ प्रयागराज गए थे, जहां उन्होंने एक व्यापारी से करीब 7 किलो चांदी खरीदी। इसके बाद वे कार से वापस अमेठी लौट रहे थे।
इसी दौरान प्रतापगढ़ में गजहेड़ा जंगल के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर बीच सड़क में बाइक खड़ी कर दी। रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने कार का शीशा खुलवाया और शीशा खुलते ही एक बदमाश ने रितेश की छाती पर पिस्टल सटा दी। इसके बाद कार में रखा जेवर और नकदी से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। बैग में 9 लाख 60 हजार रुपये नकद और करीब 3 किलो चांदी रखी थी।
घटना के बाद व्यापारी काफी दहशत में था और आयकर के डर से करीब 40 मिनट तक पुलिस को सूचना नहीं दी। इसी दौरान रात करीब 9:15 बजे हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें सड़क किनारे बदहवास हालत में खड़ा देखा और पूछताछ की। तब जाकर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एसपी दीपक भूकर, एएसपी शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा सहित कई थानों की पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अगली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 4 किलो चांदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, व्यापारी मुख्य हाईवे से जाने के बजाय चेकिंग से बचने के लिए जंगल के शॉर्टकट रास्ते से जा रहे थे। इसी सुनसान इलाके का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
एएसपी शैलेंद्र लाल ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। हाईवे और आसपास के मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी गई है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देर रात तक पुलिस जांच में जुटी रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   कार के धक्के से बाइक सवार मजदूर की मौत,एक घायल
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *