भदोही : महिला सुरक्षा के संदेश के साथ निकला पैदल मार्च

भदोही : महिला सुरक्षा के संदेश के साथ निकला पैदल मार्च

महिलाओं और छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों व कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

भदोही (जनवार्ता)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद भदोही में मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 का शुभारंभ किया गया। सोमवार को आयोजित भव्य पैदल मार्च के माध्यम से नारी सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया।

rajeshswari

पैदल मार्च सुबह नौ बजे ज्ञानपुर स्थित दुर्गागंज तिराहे से शुरू होकर पुलिस लाइन ज्ञानपुर तक पहुंचा। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न थानों एवं मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों तथा विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मार्च में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने हाथों में नारी सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण से संबंधित नारे लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और महिलाओं से संवाद कर उन्हें महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जागरूकता संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए।

महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं संबंधित सहायता सेवाओं का उपयोग कर सकती हैं। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 प्रमुख हैं।

इसे भी पढ़े   एपेक्स अस्पताल प्रबंधक संतोष सिंह व डॉक्टर पर एफआईआर

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है। इस पावन अवसर पर पुलिस प्रशासन का संकल्प है कि जनपद की प्रत्येक महिला और बेटी स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर महसूस करे। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत गांवों, कस्बों और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम एवं चौपाल आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि पुलिस और संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें। अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *