भदोही पुलिस ने ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0’ के तहत महिलाओं-बालिकाओं को किया सशक्त
भदोही (जनवार्ता): उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0’ के अंतर्गत भदोही पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में शनिवार को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा सक्रियता से कार्य किया गया।


महिला बीट अधिकारियों ने गांवों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों तथा मंदिरों में भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को प्राथमिकता के आधार पर जागरूक किया। ग्राम चौपालों का आयोजन कर महिलाओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्हें विभिन्न उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन शामिल हैं। इन नंबरों के संकटकाल में उपयोग करने की विधि बताई गई। विशेष रूप से साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने, फर्जी कॉल एवं लिंक से सावधान रहने तथा 1930 पर त्वरित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पम्पलेट वितरित किए गए, जिससे महिलाएं अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से अवगत हो सकें। महिला हेल्प डेस्क तथा कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

