पंचायत के दौरान युवक पर जानलेवा हमला, मुखिया-सरपंच समेत 7 गिरफ्तार
मधुबनी। जिले के मधेपुर गांव में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पंचायत के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने मुखिया और सरपंच समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह, सरपंच रामानंद चौधरी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष उदयकांत चौधरी, उपसरपंच के पति राकेश चौधरी, बिमलेश चौधरी और हेमंत सिंह व बसंत सिंह शामिल हैं। इस मामले में मो. हुसैन (20) के बयान पर 17 नामजद और 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गांव की एक महिला ने स्वेच्छा से मो. आजाद से विवाह किया है और न्यायालय के आदेशानुसार फिलहाल उसके साथ रह रही है। इसी मुद्दे को लेकर पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें दोनों पक्षों को बुलाया गया था। आरोप है कि युवक पक्ष के नहीं पहुंचने पर पंचायत में मौजूद लोगों के उकसावे पर हमला कर दिया गया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। घायल का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कलुआही में इलाज कराया गया, जहां पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।
ग्रामीणों के अनुसार, महिला पहले से दो बच्चों की मां है, जबकि पुरुष चार बच्चों का पिता है। दोनों के बीच प्रेम संबंध के बाद विवाह हुआ, जिससे गांव में तनाव बढ़ गया। पंचायत में कथित तौर पर दोनों को गांव छोड़ने की सलाह देने की बात चल रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनोज राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियातन गांव में पुलिस कैंप कर रही है। उधर, जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी के विरोध में कुछ महिलाएं थाने पहुंचीं, जिन्हें पुलिस ने समझाकर शांत कराया।

