गुरुग्राम के सेक्टर-89 में भीषण आग, चार फर्नीचर गोदाम जलकर राख
तीन घंटे की मशक्कत के बाद 7 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
गुरुग्राम (जनवार्ता)। शहर के सेक्टर-89 स्थित चार फर्नीचर गोदामों में सोमवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में चारों गोदाम इसकी चपेट में आ गए और आसमान तक काले धुएं का गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फायर अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोदामों में रखा पुराना और नया फर्नीचर, लकड़ी, फोम तथा अन्य ज्वलनशील सामान पूरी तरह जल गया। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बताया गया है कि प्रभावित गोदाम अलग-अलग लोगों के थे। इनमें यूपी निवासी जैद खान के अलावा जावेद, शाद, नौशाद, जुबेर, जाहिर, असगर खान और शमशेर खान के गोदाम शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदामों के पास बन रहे पांचवें शेड में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी पास में रखे लकड़ी और फर्नीचर के सामान पर गिर गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में आग चारों गोदामों तक फैल गई। फायर ब्रिगेड अधिकारी विपिन ने बताया कि लकड़ी और फर्नीचर अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग बुझाने में काफी समय लगा।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सड़क पर यातायात रोक दिया और ट्रैफिक को डायवर्ट किया। सुरक्षा के मद्देनजर गोदामों के पास स्थित नायरा कंपनी के पेट्रोल और सीएनजी पंप को भी तत्काल बंद करा दिया गया। आग पंप तक न पहुंचे, इसके लिए वहां एक दमकल गाड़ी विशेष रूप से तैनात की गई।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं। साथ ही गोदाम मालिकों से पूछताछ कर नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।


