मेरठ: शादी के दबाव में प्रेमी ने स्टाफ नर्स की हत्या, दोस्त संग गिरफ्तार
मेरठ के एमसीसी अस्पताल में स्टाफ नर्स की मौत का मामला हत्या निकला। पुलिस के अनुसार, शादी का दबाव बनने पर वार्डबॉय प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर नर्स को जहरीला केमिकल चढ़ाकर मार डाला और घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए फर्जी सुसाइड नोट लिखकर जेब में सल्फास की गोलियां रख दीं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


मेरठ। ब्रह्मपुरी निवासी 26 वर्षीय नेहा हापुड़ रोड स्थित एमसीसी अस्पताल में स्टाफ नर्स थीं। ढाई वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी, लेकिन करीब एक वर्ष पहले पति रवि की मौत हो गई थी। उनका एक साल का बेटा भी है। शनिवार सुबह वह रोज की तरह ड्यूटी पर अस्पताल पहुंचीं, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल के एक कमरे में उनका शव मिला।
अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को जहरीला पदार्थ खाने से मौत की जानकारी दी, लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू की।
जांच में वार्डबॉय सुरेश पर शक गहराया। पूछताछ में उसने बताया कि वह शादीशुदा है और पिछले आठ महीने से नेहा के साथ उसके प्रेम संबंध थे। नेहा शादी का दबाव बना रही थीं, जिससे छुटकारा पाने के लिए उसने अपने दोस्त फरहान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, ग्लूकोज की ड्रिप के बहाने नेहा को जहरीला केमिकल दिया गया। वारदात को आत्महत्या साबित करने के लिए फर्जी सुसाइड नोट लिखा गया और उनकी जेब में सल्फास की गोलियां रख दी गईं।
पुलिस ने मौके से कैनुला, सिरिंज, मोबाइल फोन, फर्जी सुसाइड नोट, नोटपैड और संदिग्ध केमिकल बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

