सहारनपुर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक लाख का इनामी बदमाश ढेर
सहारनपुर (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश अहसान कपूरी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एसएसपी और थाना प्रभारी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार चिलकाना थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ हरड़ाखेड़ा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने सरकारी वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।
भागते हुए बदमाश औद्योगिक क्षेत्र के पास एक बाग में घुस गए और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर लगातार गोलियां चलाने लगे। सूचना मिलते ही सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी की।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली एसएसपी अभिनंदन सिंह और चिलकाना थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे दोनों सुरक्षित बच गए। वहीं सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा और सर्विलांस शाखा के हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख का इनामी बदमाश अहसान कपूरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार अहसान कपूरी पर लूट, डकैती, रंगदारी और जानलेवा हमले समेत 30 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह बेहट थाने से एक लाख रुपये का इनामी अपराधी था।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने चार अवैध हथियार और भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। फरार दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

