प्रयागराज : हंडिया के स्कूल में नौ छात्राएं अचानक हुईं बेहोश, मचा हड़कंप
सूचना पर पहुंचे अभिभावक और पुलिस अधिकारी
प्रयागराज। जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के इमामगंज स्थित जनता इंटर कॉलेज में शुक्रवार को लंच के बाद कक्षा 10 की नौ छात्राओं के अचानक बेहोश होने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। एक के बाद एक छात्राओं के अचेत होकर गिरने से स्कूल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और छात्राओं को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे मध्यांतर के बाद छात्राएं अपनी-अपनी कक्षाओं में लौटी थीं। इसी दौरान सबसे पहले केशवरायपुर निवासी करीब 15 वर्षीय छात्रा अलदीपा बानो, पुत्री सरवर हुसैन, अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके कुछ ही देर बाद अन्य छात्राएं भी एक-एक कर अचेत होने लगीं। इनमें रोजा अंसारी, सुहानी प्रजापति, शमी केसरवानी, राधा, हिना और नगमा बानो समेत कुल नौ छात्राएं शामिल बताई गई हैं।
एक साथ कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से विद्यालय में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए। छात्राओं के अचानक बेहोश होने की खबर से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया।
तहसीलदार और थाना प्रभारी ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही हंडिया के तहसीलदार विजय कुमार और थाना प्रभारी ओम प्रकाश पुलिस टीम के साथ विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद सागरवाल तथा अन्य शिक्षकों से घटनाक्रम की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया।
डॉक्टरों ने पैनिक अटैक बताया कारण
छात्राओं के अचानक बेहोश होने को लेकर शुरुआत में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि, हंडिया थाना प्रभारी ओम प्रकाश के अनुसार, चिकित्सकों ने छात्राओं की स्थिति को पैनिक अटैक से जुड़ा बताया। बताया गया कि शुरुआत में एक छात्रा को घबराहट हुई, जिसे देखकर अन्य छात्राएं भी भयभीत हो गईं और उनमें भी घबराहट के लक्षण दिखाई देने लगे। कुछ छात्राओं ने पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत भी की थी।
घटना के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। छात्राओं के स्वास्थ्य और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर संबंधित अधिकारियों की निगरानी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

