बैतूल में संदिग्ध मौत: हत्या की आशंका पर चिता से उतारा महिला का शव,

बैतूल में संदिग्ध मौत: हत्या की आशंका पर चिता से उतारा महिला का शव,

rajeshswari

बैतूल,  (जनवार्ता)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच हत्या की आशंका से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मोक्षधाम पहुंचकर चिता से शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामला आमला थाना क्षेत्र के भीमनगर का है।
जानकारी के अनुसार, भीमनगर निवासी 62 वर्षीय शकुंतला की मंगलवार को मौत हो गई थी। परिजन और मोहल्ले के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए मोक्षधाम ले गए थे और चिता सजाकर दाह संस्कार की तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसी दौरान मृतका की बहन ने पुलिस को फोन कर मौत पर संदेह जताया।
मृतका की बहन अंजलि, जो सौसर में रहती हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की मौत स्वाभाविक नहीं लग रही है। उन्होंने महिला के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई। शिकायत मिलते ही आमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चिता से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी रविकांत डहेरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत सामान्य थी या फिर इसके पीछे कोई साजिश है।
पुलिस जब जांच के लिए मृतका के घर पहुंची तो उसका बेटा नशे की हालत में मिला। उसकी स्थिति बयान देने लायक नहीं थी। पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि पूछताछ के बाद मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

इसे भी पढ़े   अज्ञात वाहन की टक्कर से नवयुवक की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया जाम
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *