आजमगढ़ में खेतों में आग, दो दर्जन किसानों की फसल राख

आजमगढ़ में खेतों में आग, दो दर्जन किसानों की फसल राख

ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से जुताई कर लपटों को रोका, लाखों के नुकसान की आशंका

आजमगढ़, (जनवार्ता)
जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा और तेजापुर गांव के सिवान में सोमवार दोपहर करीब एक बजे गेहूं के खेत में अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से आसपास के खेतों की ओर फैलने लगी। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब लपटें दूसरे गांव की ओर बढ़ने लगीं। इसी दौरान स्थानीय ट्रैक्टर चालक बोनू और नारद ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक्टर से खेतों की जुताई शुरू कर दी, जिससे आग को आगे बढ़ने से रोकने में मदद मिली।

rajeshswari


ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं। डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन आग के नजदीक जाने से बचती रही। अंततः ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका।


हालांकि तब तक कई किसानों को भारी नुकसान हो चुका था। किसान ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उनके करीब पांच बीघा खेत का गेहूं और खेत में रखा भूसा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। उन्होंने लगभग 70 से 80 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान जताया। इसके अलावा नरेंद्र पाठक, शुद्ध पाठक, सतीश पाठक और सोनी यादव समेत करीब दो दर्जन किसानों के खेतों में रखा भूसा भी आग की चपेट में आ गया।
सूचना पर लेखपाल सुनील मिश्र और हरिनाथ मौर्य भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में सहयोग किया। आग बुझने के बाद दमकल और पुलिस की गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन खेतों तक नहीं जा सकीं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी रही।

इसे भी पढ़े   सोनभद्र में केनरा बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की संदिग्ध मौत, होटल के कमरे में मिला शव
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *