चंदौली : अवैध संबंध उजागर होने पर पत्नी और बहनोई ने की गला घोंटकर हत्या , शव को लटकाया फंदे से
चंदौली (जनवार्ता) : बबुरी थाना क्षेत्र के बरऊर गांव में अवैध संबंधों को लेकर मृतक युवक की पत्नी और उसके बहनोई ने मिलकर पहले गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी और फिर शव को रस्सी से लटकाकर आत्महत्या का झूठा मामला बनाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना लगभग एक माह पहले 28 फरवरी की देर रात हुई थी। मृतक राजबंश बियार का शव घर में फांसी की हालत में मिला था। शुरुआत में इसे आत्महत्या मान लिया गया था और परिजनों ने भी रोने-चिल्लाने का नाटक किया। लेकिन बबुरी थाना पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और मौके का मुआयना करने के बाद सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मृतक राजबंश बियार ने अपनी पत्नी रामदुलारी को उसके बहनोई रामजनम के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इससे दोनों के बीच तीखा विवाद हो गया। अवैध संबंध लंबे समय से चल रहे थे और राजबंश इस रिश्ते में बाधा बन गया था। इसी वजह से पत्नी रामदुलारी और रामजनम ने मिलकर साजिश रची। उन्होंने पहले मृतक का गला दबाकर हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को रस्सी के सहारे फांसी पर लटका दिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। एसपी आकाश पटेल ने कहा, “मामला शुरू में आत्महत्या जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस की टीम ने गंभीरता से जांच की और ठोस साक्ष्य जुटाए। अवैध संबंध हत्या की मुख्य वजह निकला। दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।”
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

