चंदौली में बोतल बंद पानी की 3 कंपनियों का लाइसेंस निलंबित

चंदौली में बोतल बंद पानी की 3 कंपनियों का लाइसेंस निलंबित

ई-कोलाई मिलने पर उत्पादन पर रोक, एक कंपनी का लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

चंदौली (जनवार्ता)। जिले में निर्मित बोतल बंद पानी के तीन ब्रांडों में ई-कोलाई बैक्टीरिया पाए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच में पानी पीने योग्य न पाए जाने पर दो कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि एक कंपनी का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति केंद्रीय प्राधिकरण को भेजी गई है। तीनों फैक्ट्रियों में पानी के उत्पादन पर रोक लगा दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के अनुसार पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया के साथ-साथ कैल्शियम और मैग्नीशियम की मात्रा भी मानकों से कम पाई गई। यह जांच रिपोर्ट अक्तूबर 2025 में प्राप्त हुई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने कार्रवाई की।
जिले में गूगली ब्रांड से मेसर्स सुरभि फूड्स, एक्वस ब्रांड से वेजनेक्स फूड्स और टीचर ब्रांड से बा बेवरेज कंपनी बोतल बंद पानी का उत्पादन कर रही थीं। इन फैक्ट्रियों की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन चार से पांच हजार बोतल बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में कुल 18 बोतल बंद पानी की फैक्ट्रियां पंजीकृत हैं, जिनमें से अधिकांश के पास राज्य स्तरीय लाइसेंस है। जून 2025 में शासन के निर्देश पर औद्योगिक नगर फेज-वन, फेज-टू और बिसौरी स्थित फैक्ट्रियों से नमूने लेकर जांच कराई गई थी।
उधर, राजकीय महिला चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि ई-कोलाई बैक्टीरिया मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है। यह पेट, आंतों और मूत्र मार्ग में संक्रमण पैदा करता है तथा तेज दस्त का कारण बन सकता है। यह बैक्टीरिया दूषित पानी के माध्यम से तेजी से फैलता है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   Lunar Eclipse: शरद पूर्णिमा पर लगेगा खंडग्रास चंद्रग्रहण
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *