जौनपुर : पुरानी रंजिश में चाय की दुकान पर बैठे युवक पर फायरिंग
गोली चूकने पर तमंचे के बट से किया लहूलुहान
जौनपुर (जनवार्ता): गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के दुधौरा चौराहे के निकट एक चाय की दुकान पर गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले तमंचे से फायरिंग की, लेकिन गोली लक्ष्य से चूक गई और पीड़ित के कान के पास से गुजर गई। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे के बट से पीड़ित को जमकर पीटा और सिर फोड़ दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

पीड़ित की पहचान समोधीपुर गांव निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मी शंकर यादव के रूप में हुई है। घटना के समय वह चाय की दुकान पर बैठे कुछ लोगों से बात कर रहे थे। अचानक बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली चूक जाने पर उन्होंने लक्ष्मी शंकर को पकड़कर बेरहमी से पीटा।
आसपास के लोगों ने हंगामा मचने पर बदमाशों को खदेड़ दिया और घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले का कारण बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।

