कानपुर : लॉज में बनारस की महिला के साथ दुष्कर्म
मालिक गिरफ्तार
कानपुर (जनवार्ता): बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंधना चौकी इलाके में एक लॉज में बनारस की एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने लॉज के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि थाना बिठूर क्षेत्र के मंधना चौकी में कॉलर जगदीप ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनकी लॉज में एक महिला के साथ गलत कार्य हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित रूप से थाना बिठूर स्थित मिशन शक्ति केंद्र ले आई।
पीड़िता से महिला सब-इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि महिला मूल रूप से वाराणसी (बनारस) की निवासी है और यहां अपने एक रिश्तेदार के पास आई हुई थी। एक व्यक्ति ने उसे लॉज में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। प्राप्त तहरीर के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लॉज स्वामी को हिरासत में लेकर उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

