लखनऊ: मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ में समस्याओं त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ (जनवार्ता) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-जन की समृद्धि और खुशहाली सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी पीड़ित को न्याय मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम में विभिन्न मुद्दों पर आए लोगों को आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यह पहल आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जानी जाती है।

