यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा: अभ्यर्थियों को बस किराए में मिलेगी रियायत, 6 जून को होगी रिहर्सल
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों में किराए में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी प्रवेश पत्र दिखाकर निर्धारित नियमों के तहत बस किराए में रियायत का लाभ उठा सकेंगे। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को दूसरे जिलों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना है, ऐसे में यह सुविधा उन्हें आर्थिक राहत देने के साथ-साथ सुगम यात्रा सुनिश्चित करेगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस भर्ती परीक्षा के लिए करीब 28 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। राज्य सरकार इस वर्ष पुलिस विभाग में 81 हजार से एक लाख पदों तक भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, आईजी, डीआईजी और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 6 जून को परीक्षा व्यवस्था की रिहर्सल कराने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और अफवाह नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

