योगी सरकार का गन्ना किसानों को बड़ा तोहफा: मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गन्ना किसानों के हित में एक बार फिर ऐतिहासिक फैसला लिया है। पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना मूल्य मे 30 रूपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। अब अगेती प्रजाति का गन्ना 400 रुपए प्रति क्विंटल और सामान्य प्रजाति का 390 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा जाएगा। इस बढ़ोतरी से किसानों को करीब 3,000 करोड़ का अतिरिक्त भुगतान मिलेगा।

गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बताया कि योगी सरकार के कार्यकाल में यह चौथी बार गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा, “गन्ना किसान केवल उत्पादक नहीं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था के सशक्त स्तंभ हैं। उनकी मेहनत का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है।”
मंत्री ने बताया कि सरकार ने अब तक गन्ना किसानों को ₹2,90,225 करोड़ का भुगतान किया है, जो 2007-2017 के बीच सपा-बसपा सरकारों के ₹1,47,346 करोड़ से ₹1,42,879 करोड़ अधिक है। प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं। पिछले आठ वर्षों में ₹12,000 करोड़ का निवेश आकर्षित हुआ है। चार नई मिलें स्थापित हुईं, छह बंद मिलें शुरू हुईं और 42 मिलों की क्षमता बढ़ाई गई। दो मिलों में सीबीजी संयंत्र भी लगाए गए।
‘स्मार्ट गन्ना किसान’ प्रणाली से बिचौलियों का सफाया हो गया। पर्ची मोबाइल पर आती है और भुगतान डीबीटी से सीधे खाते में जाता है। भारत सरकार ने इसे ‘मॉडल सिस्टम’ घोषित किया है।
एथेनॉल उत्पादन में यूपी अव्वल है। उत्पादन 41 करोड़ लीटर से बढ़कर 182 करोड़ लीटर हो गया, आसवनियां 61 से 97 हुईं। गन्ना क्षेत्रफल 20 लाख हेक्टेयर से 29.51 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा, जिससे प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
यह फैसला किसानों की आय बढ़ाएगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।

