मिर्जापुर : वरिष्ठ अधिवक्ता वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
मिर्जापुर (जनवार्ता)। मिर्जापुर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में पुलिस ने अपनी तेजी और सख्ती का परिचय दिया है। सीनियर वकील तथा पूर्व ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू की दिनदहाड़े की गई निर्मम हत्या के महज 15 घंटे के अंदर पुलिस ने मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजेंद्र सोनकर को रात में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

घटना शनिवार सुबह करीब सवा सात बजे विंध्याचल क्षेत्र के देवरी गांव के पास कटरा कोतवाली इलाके में हुई। राजीव सिंह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले ही थे कि आरोपी राजेंद्र सोनकर ने उनके घर के निकट पहुंचकर सीने से सटाकर तमंचे से गोली चला दी। वकील मौके पर ही ढेर हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे पुलिस को तुरंत सुराग मिल गया।
रात में बरौधा तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में राजेंद्र सोनकर के दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे कंधे पर उठाकर गाड़ी तक पहुंचाया और मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी अपर्णा रजक कौशिक के नेतृत्व में पुलिस की पांच टीमों ने रात-दिन मेहनत कर महज 15 घंटे में इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राजेंद्र सोनकर और मृतक राजीव सिंह के परिवार के बीच लंबे समय से चुनावी रंजिश चल रही थी। मृतक की पत्नी प्रतिभा सिंह वर्तमान ग्राम प्रधान हैं, जबकि राजीव सिंह खुद दो बार प्रधान रह चुके थे। राजेंद्र सोनकर भी प्रधानी का चुनाव लड़ चुका था और हार के बाद से वह परिवार के प्रति गहरी नफरत पाले हुए था।
परिजनों ने बताया कि राजीव सिंह आरोपी को भाई की तरह मानते थे और उसके कई मुकदमों की पैरवी खुद करते थे। फिर भी आरोपी के मन में इतनी गहरी नफरत थी कि उसने दिनदहाड़े हत्या कर दी। पड़ोसियों के अनुसार करीब सात महीने पहले भी राजेंद्र सोनकर ने राजीव सिंह पर तमंचा तानकर मारपीट की थी, जिसकी शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हो सकी।
राजेंद्र सोनकर का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उस पर एक अन्य वकील की हत्या और अपनी नानी की हत्या कर मकान कब्जाने के गंभीर आरोप पहले से दर्ज हैं। वह 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश था।
पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है। एसपी अपर्णा रजक कौशिक ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

