मीरजापुर : अंतर्जनपदीय चोर गैंग के दो सदस्य पुलिस मुठभेड़ में दो  घायल, चार गिरफ्तार

मीरजापुर : अंतर्जनपदीय चोर गैंग के दो सदस्य पुलिस मुठभेड़ में दो  घायल, चार गिरफ्तार

मीरजापुर  (जनवार्ता)। अहरौरा पुलिस टीम ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए एसपी अपर्णा रजत कौशिक के सख्त निर्देशों के अनुपालन में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर की सूचना पर की गई नाकेबंदी के दौरान अंतर्जनपदीय चोर गैंग के सदस्यों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में दो चोर घायल हो गए। जबकि कुल चार चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया।

rajeshswari

पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम सोनपुर में शराब की दुकान से चोरी का माल लेकर कुछ लोग पिकअप और कार से सोनभद्र की ओर जा रहे हैं। 25/26 मार्च की रात्रि को अहरौरा फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन घुमाकर जंगल की ओर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों करन बिन्द (19 वर्ष, निवासी सिरसी नियमताबाद, थाना अलीनगर, चन्दौली) और गंगा राम बिन्द (36 वर्ष, निवासी कन्हैया का पुरा, थाना पड़री, मीरजापुर) के पैर में गोली लगी। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा से सदर अस्पताल मीरजापुर रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, दो जिन्दा 315 बोर कारतूस, दो खोखा कारतूस, पिकअप वाहन, 36 पेटी (1595 पैकेट) देशी शराब और शराब बिक्री की 68,100 रुपये नकद राशि बरामद की। पूछताछ में इन अभियुक्तों ने अपने दो अन्य साथियों का खुलासा किया, जो चोरी का माल मारुति सुजुकी कार (नंबर UP 63 L 4608) से सोनभद्र ले जा रहे थे।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : महापौर ने फहराया तिरंगा

पुलिस टीम ने ग्राम रामपुर ढबही के एक बगीचे से आर्यन यादव (19 वर्ष) और रामभरोस साहनी (26 वर्ष), दोनों निवासी विजारीडीह, थाना अलीनगर, चन्दौली को गिरफ्तार कर लिया। कार से 4 पेटी (180 पैकेट) देशी शराब और 27,200 रुपये नकद बरामद किए गए। कुल 40 पेटी (1775 पैकेट) देशी शराब और 95,300 रुपये नकद राशि पुलिस के कब्जे में आई।

इस कार्रवाई से मीरजापुर के थाना सन्तनगर, मड़िहान, कछवां, अहरौरा (एक-एक) और कोतवाली देहात (दो) तथा सोनभद्र के थाना राबर्ट्सगंज पर पंजीकृत कुल सात चोरियों के खुलासे हुए ।

पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य वारदात से पहले क्षेत्र में 2-3 दिन  रेकी करते थे, खाली मकानों-दुकानों को निशाना बनाते थे। चोरी के समय मोबाइल फोन बंद रखते थे। चोरी का माल मुगलसराय के एक वेयरहाउस में छिपाकर छोटे-छोटे हिस्सों में बिहार ले जाकर बेचते थे और पैसा आपस में बांट लेते थे।

गिरफ्तार चोरों, खासकर करन बिन्द और गंगा राम बिन्द का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है, जिसमें चोरी, लूट, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा (थानाध्यक्ष अहरौरा), उप निरीक्षक मुनीराम यादव, आशीष कुमार सिंह और उनकी टीम शामिल रही ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *