मिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़, प्रधान हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर, (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जनपद की एसओजी और कटरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 11 अप्रैल को हुए चर्चित प्रधान हत्याकांड के वांछित आरोपी इंद्रासन बिंद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, राजापुर गांव के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने खुद को पुलिस से घिरा देख टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी राजेंद्र सोनकर के साथ मिलकर चुनावी रंजिश के चलते प्रधान की हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत एक नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बीच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें। आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल यूपी पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

