प्रयागराज : इंस्पेक्टर बारा 75 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
प्रयागराज( जनवार्ता)। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का एक और उदाहरण सामने आया है। बारा थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर को एंटी करप्शन टीम ने थाने के अंदर ही 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। यह घटना तब हुई जब इंस्पेक्टर सोनकर ने एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट (क्लोजर रिपोर्ट) लगवाने के बदले आरोपी पक्ष से यह रकम मांगी थी।

शिकायतकर्ता भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के लुकमानपुर निवासी संतोष कुमार दुबे ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई। उनके खिलाफ बारा थाने में मुकदमा दर्ज था और फाइनल रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। टीम ने सावधानी से जाल बिछाया और थाने में ही लेन-देन के दौरान इंस्पेक्टर को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके पर पूरी लिखा-पढ़ी हुई और रकम बरामद की गई।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार सोनकर मूल रूप से वाराणसी के निवासी हैं। वे 2012 में दरोगा से प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बने थे। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

