सोनभद्र में आंधी-तूफान से बर्बाद हुई बागानी फसलों पर मिलेगी क्षतिपूर्ति
सोनभद्र (जनवार्ता)। मई 2026 में आई आंधी, तूफान और भारी वर्षा से बागानी फसलों को हुए नुकसान की भरपाई अब किसानों को मिलेगी। जिला उद्यान विभाग ने इस संबंध में औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि उद्यान मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार, प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। फलदार पौधों और सब्जी वाली फसलों में हुए नुकसान की क्षति पूर्ति का लाभ जनपद के सभी बागवानी कृषकों को दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, जिन किसानों के बाग या खेत में आंधी-तूफान व वर्षा से नुकसान हुआ है, वे तुरंत सूचना दें। नुकसान की सूचना देते समय भू-अभिलेख, जियो टैग फोटोग्राफ, वीडियो और अन्य जरूरी दस्तावेजों को साथ लाना अनिवार्य होगा।
सभी प्रभावित किसानों से अपील की गई है कि वे नुकसान का विवरण शीघ्र जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, सोनभद्र में जमा कराएं। समय पर सूचना देने से ही क्षतिपूर्ति प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सकेगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि केवल प्रमाणित नुकसान की ही भरपाई की जाएगी।
यह कदम मौसम की मार झेल रहे बागवानी किसानों के लिए राहत भरा है।

