कंजड़ बस्ती में आबकारी टीम की छापेमारी, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद
सोनभद्र में अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंजड़ बस्ती में छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहन बरामद किया।

उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चल रहे प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की कंजड़ स्वीपर बस्ती में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई का नेतृत्व जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार साव, रविनंदन और अमित कुमार ने किया।
छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 350 किलोग्राम लहन बरामद किया। मौके पर ही पांच भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया तथा लहन को नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

