ऋषिकेश में प्रेमिका की गोली मारकर हत्या, आरोपी 36 घंटे बाद सहारनपुर से गिरफ्तार

ऋषिकेश में प्रेमिका की गोली मारकर हत्या, आरोपी 36 घंटे बाद सहारनपुर से गिरफ्तार

शादी से इनकार बना वजह, 35 लाख की जमीन बेच चुका था आरोप

ऋषिकेश।शिवाजी नगर क्षेत्र में घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने 36 घंटे बाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुरेश गुप्ता (40) के रूप में हुई है, जिसने शनिवार रात करीब 9 बजे AIIMS ऋषिकेश में कार्यरत महिला कर्मी प्रीति रावत (32) को गोली मार दी थी।
घटना शिवाजी नगर की गली नंबर-16 की है। प्रीति रावत एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्सिंग के माध्यम से अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थीं और मूल रूप से यमकेश्वर क्षेत्र की निवासी थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जालीदार दरवाजे के पास से प्रीति के सीने में गोली मारी और मौके से फरार हो गया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां प्रीति फर्श पर लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम संबंध और शादी का दबाव
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी के बीच पूर्व में प्रेम संबंध थे। दोनों का अपने-अपने जीवनसाथियों से पहले ही तलाक हो चुका था। मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत ने आरोप लगाया कि सुरेश गुप्ता पिछले तीन वर्षों से प्रीति पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसे धमकियां देता था।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले आरोपी ने प्रीति के पिता को फोन कर चेतावनी दी थी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो अंजाम गंभीर होगा।
35 लाख की संपत्ति बेची, तनाव बढ़ा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शादी के इरादे से लक्सर (हरिद्वार) स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी थी और ऋषिकेश में मकान खरीदने की कोशिश कर रहा था। मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया, जिससे आरोपी मानसिक अवसाद में भी बताया जा रहा है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
मृतका के पिता की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया, जिसके बाद आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   हिंदू महिला के मुस्लिम शख्स से शादी का मतलब इस्लाम में कन्वर्ट होना नहीं,दिल्ली हाई कोर्ट का फैसला
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *