पानीपत : रोडवेज बस की टक्कर से ईको वैन का सीएनजी फटा, एक युवती की मौत 3 घायल

पानीपत : रोडवेज बस की टक्कर से ईको वैन का सीएनजी फटा, एक युवती की मौत 3 घायल

पानीपत (जनवार्ता) । हरियाणा के पानीपत जिले में जीटी रोड (एनएच-44) पर गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार राजस्थान परिवहन की बस ने ईद मनाने जा रही मजदूरों से भरी ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वैन का CNG सिलेंडर फट गया और भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक युवती जिंदा जलकर मौत के मुंह में समा गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

rajeshswari

हादसा समालखा क्षेत्र में उत्सव गार्डन के पास करीब रात 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन में लगभग 11 लोग सवार थे, जो पानीपत की एक फैक्ट्री से छुट्टी लेकर उत्तर प्रदेश के बरेली ईद मनाने जा रहे थे। वैन पहले एक कार से टकराई, जिसके तुरंत बाद पीछे से आ रही राजस्थान रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने वैन को पीछे से जोरदार टक्कर दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ने वैन को काफी दूर तक घसीट लिया। इसी दौरान वैन में लगा CNG सिलेंडर फट गया और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। वैन में सवार अधिकांश लोग किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन एक युवती का पैर सीट में फंस गया। आग की तेज लपटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका और वह जिंदा ही जल गई। हादसे में तीन अन्य सवारियां भी बुरी तरह झुलस गईं।

वैन पूरी तरह से जलकर खाक हो गई, जबकि बस का अगला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। टक्कर में शामिल एक अन्य कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बस चालक और परिचालक ने सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसे भी पढ़े   10 होटलों पर नगर आयुक्त का औचक छापा, अफसरों को अल्टीमेटम

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करके धीरे-धीरे सामान्य किया।

पुलिस ने हादसे का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच में सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों में CNG सिलेंडर की सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लंबी यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और वाहन चालक तेज रफ्तार से बचें।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *