हनुमान जयंती शोभायात्रा में बड़ा हादसा: काली मां बनी महिला समेत 3 कलाकार झुलसे

हनुमान जयंती शोभायात्रा में बड़ा हादसा: काली मां बनी महिला समेत 3 कलाकार झुलसे

कोरबा में आग के करतब के दौरान भड़की लपटें, गंभीर हालत में भिलाई रेफर

कोरबा, (जनवार्ता) । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान आग से करतब दिखाते समय बड़ा हादसा हो गया। काली मां का रूप धारण किए एक महिला कलाकार अचानक आग की चपेट में आ गई। उसे बचाने पहुंचे दो अन्य साथी भी झुलस गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मामला रजगामार चौकी क्षेत्र के मेन क्लब एरिया का है। यहां हनुमान सेवा समिति द्वारा गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूजा-पाठ, भंडारा और शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई थी। कार्यक्रम में आसपास की कॉलोनियों, बस्तियों और गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे।
शोभायात्रा में दुर्ग से आए करीब 6 से 7 कलाकार भगवान शंकर, हनुमान, दुर्गा और काली माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं का स्वरूप धारण कर करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान कुछ कलाकार मुंह से पेट्रोल फूंककर आग की लपटें निकालने का प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपट अचानक नीचे बैठी काली मां बनी महिला कलाकार के बालों तक पहुंच गई, जिससे उसके बालों में आग लग गई। आग लगते ही महिला घबराकर इधर-उधर भागने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य साथी भी आग की चपेट में आ गए और झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल आग पर काबू पाया और तीनों घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भिलाई रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि घायल सभी कलाकार दुर्ग जिले के निवासी हैं। हादसे के बाद आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की बीजेपी की पहली लिस्ट जारी,PM मोदी वाराणसी से लड़ेंगे चुनाव
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *