माँ पाटेश्वरी की कृपा से उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति पथ पर : योगी
बलरामपुर। चैत्र नवरात्रि की पावन सप्तमी तिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में मां पाटेश्वरी से प्रदेश में जनकल्याण, विकास और सामाजिक सद्भाव की भी प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा,
“मां पाटेश्वरी की कृपा से उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रहें, यही कामना है।”
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। चैत्र नवरात्रि के दौरान देवीपाटन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन ने इस धार्मिक पर्व को और अधिक पावन बना दिया।
प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
यह दौरा मुख्यमंत्री के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों को रेखांकित करता है। देवीपाटन मंदिर उत्तर प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु मां पाटेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

