ट्रैक्टर पर पीलीभीत में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
पीलीभीत (जनवार्ता)। शारदा नदी में छोड़े गए पानी और लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और सड़क संपर्क टूटने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालात का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रभावित इलाकों में पहुंचे।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीएम ऋतु पुनिया और विधायक विवेक वर्मा ने बीसलपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों का ट्रैक्टर से दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
एडीएम ऋतु पुनिया ने जलभराव वाले इलाकों में ट्रैक्टर से खेतों और गांवों का निरीक्षण किया तथा राहत सामग्री भी वितरित की। प्रशासनिक टीम ने बताया कि बीसलपुर क्षेत्र के करीब 12 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि यदि जलस्तर और बढ़ा तो नावों के जरिए राहत व आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी गांव में मदद की कमी नहीं होने दी जाएगी।

