जौनपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, मजार पर जियारत के बाद कार में बैठाकर वारदात
जौनपुर (जनवार्ता)। Jaunpur जिले के शाहगंज तहसील क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। महिला गुरुवार को बड़ागांव स्थित Sahababa Mazar पर जियारत करने आई थी। देर रात वह नगर के रेलवे क्रॉसिंग के पास बेहोशी की हालत में मिली।
जानकारी के अनुसार सरपतहां थाना क्षेत्र की रहने वाली लगभग 35 वर्षीय महिला गुरुवार को मजार पर जियारत करने पहुंची थी। पीड़िता के मुताबिक शाम के समय चार पहिया वाहन से आए तीन अज्ञात युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया और कार में बैठा लिया।
आरोप है कि कुछ दूर ले जाने के बाद आरोपित उसे सुनसान स्थान पर झाड़ियों में ले गए, जहां उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर तीनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान आ गए।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपित उसे कार से लाकर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। देर रात वहां से गुजर रहे लोगों ने महिला को देखा और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी Ajit Singh Chauhan ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


