झांसी: प्रेम प्रसंग में सिरफिरे ने एमबीए छात्रा को मारी गोली
खुद को भी उतारा मौत के घाट

झांसी (जनवार्ता) । बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के ठीक सामने रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने MBA की 22 वर्षीय छात्रा को दिनदहाड़े गोली मार दी। इसके तुरंत बाद युवक ने देशी तमंचा अपनी कनपटी पर सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली कनपटी को चीरती हुई आर-पार निकल गई और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों सड़क पर खून से लथपथ गिरे थे। राहगीरों ने तुरंत ऑटो की मदद से दोनों को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने युवक मनीष साहू (26) को मृत घोषित कर दिया। छात्रा का इलाज चल रहा है। उसके शरीर से काफी खून बह चुका है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग का सामने आया है। मृतक मनीष साहू और घायल छात्रा ललितपुर जिले के एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत चल रही थी, लेकिन लड़की ने रिश्ते को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया था। रविवार को युवक उसे यूनिवर्सिटी के सामने रोककर बात करने लगा। बात नहीं बनी तो उसने तमंचे से छात्रा पर फायर झोंक दिया और फिर खुद को गोली मार ली।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल छात्रा के बयान का इंतजार कर रही है। मौके से देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई इस वारदात से छात्र-छात्राओं में दहशत है। कुलपति ने घटना पर दुख जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।

