गाजियाबाद में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियां मौके पर2 किमी दूर तक दिखाई दीं लपटें, केमिकल ड्रम फटने से मची अफरा-तफरी
गाजियाबाद (जनवार्ता)। शहर के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पेंट बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आग और तेजी से फैल गई। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई देने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से कुल 12 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।


